सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 अगस्त 2026। शिक्षा सत्र 2026-27 में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ लेने का अवसर शुरू हो गया है। नवीन ऑनलाइन आवेदन के लिए विभागीय पोर्टल पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन 1 अगस्त से प्रारंभ हो चुका है, वहीं छात्रवृत्ति नवीनीकरण की प्रक्रिया जून माह से जारी है।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा के निर्देशन, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं सहायक आयुक्त बद्रीश सुखदेवे के नेतृत्व में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य सहित देश के अन्य राज्यों में अध्ययनरत छत्तीसगढ़ के पात्र विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
छात्रवृत्ति के लिए यह है पात्रता
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपये होना आवश्यक है।
आवेदन के दौरान सक्षम अधिकारी द्वारा जारी स्थायी जाति प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र तथा अध्ययनरत पाठ्यक्रम के विगत वर्ष का परीक्षा परिणाम आवश्यक रूप से संलग्न करना होगा।
आधार सीडेड बैंक खाता होना जरूरी
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान पीएफएमएस के माध्यम से आधार आधारित प्रणाली से किया जा रहा है। इसलिए सभी विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन करते समय यह सुनिश्चित करें कि उनका बचत बैंक खाता सक्रिय हो और बैंक खाता आधार से लिंक अर्थात आधार सीडेड हो।
वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एनएसपी पोर्टल से ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) प्राप्त करना भी आवश्यक किया गया है। इस संबंध में राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध निर्देशों का अवलोकन किया जा सकता है।
छात्रवृत्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने जिले के कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, कोसीर रोड, कॉलेज के पास, सारंगढ़ से संपर्क कर सकते हैं। पात्र विद्यार्थियों से समय पर ऑनलाइन आवेदन कर छात्रवृत्ति योजना का लाभ लेने की अपील की गई है।
- दिव्यांगजनों को मिली सौगात, सहायता उपकरणों से लेकर आर्थिक मदद तक का लाभ…सारंगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगा विशेष शिविर, 281 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित… - October 14, 2026
- बरमकेला: 54 साल पुराने मां दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रतन शर्मा ने की पूजा-अर्चना… - October 14, 2026
- सारंगढ़ में कचरे के ढेर के पास मिलीं देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, श्रद्धालुओं में नाराजगी… - October 14, 2026
