सारंगढ़। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पावन पर्व रक्षाबंधन ग्राम पचपेड़ी में हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शिवा अनिल साहू ने पचपेड़ी में रक्षाबंधन का पर्व मनाने के बाद अपने मायके ग्राम भंडोरा पहुंचकर प्रकृति संरक्षण का अनूठा संदेश दिया।
“प्रकृति ही परमेश्वर है” की भावना को आत्मसात करते हुए शिवा अनिल साहू ने प्रकृति की गोद में बैठकर एक वृक्ष को राखी बांधी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने अपने भाई, भतीजों एवं परिवार के सदस्यों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर प्रेम और अपनत्व का संदेश दिया।
राखी बांधने के दौरान भाइयों ने अपनी बहनों की रक्षा करने तथा जीवन के हर सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया और बहनों को उपहार भेंट किए। गांव में रक्षाबंधन को लेकर पूरे दिन खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा।
शिवा अनिल साहू ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सुरक्षा, सद्भाव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने सभी के स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना करते हुए स्वच्छ भारत, स्वस्थ समाज और स्वच्छ नगर के निर्माण के लिए मिल-जुलकर कार्य करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पावन पर्व होने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द, प्रेम और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करता है। वहीं, वृक्ष को राखी बांधकर उन्होंने यह संदेश दिया कि जिस प्रकार हम अपने प्रियजनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


- पंचकर्म सेंटर पर 32 लाख खर्च, फिर भी 25 किमी दूर शिफ्टिंग की तैयारी… - October 14, 2026
- जिले में 12,347 अधूरे आवास होंगे पूरे, प्रशासन ने तेज किया महाभियान… - October 14, 2026
- छात्राओं से अश्लील हरकत का आरोप, दो व्याख्याता निलंबित… - October 14, 2026
