सारंगढ़। विद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा और गरिमा से जुड़े गंभीर मामले में शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुरगांव में पदस्थ दो व्याख्याताओं को लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ व्याख्याता वृंदा प्रसाद सुल्तान पर छात्राओं के साथ अश्लील एवं अमर्यादित हरकत करने का आरोप लगा था। वहीं, पीड़िता को कथित रूप से धमकाने के मामले में व्याख्याता श्रीमती कविता बघेल के विरुद्ध भी शिकायत की गई थी। जिला शिक्षा अधिकारी सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में दोनों व्याख्याताओं के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद डीपीआई ने निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों व्याख्याताओं का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सारंगढ़ निर्धारित किया गया है। विभागीय कार्रवाई को विद्यालयों में अनुशासन बनाए रखने और विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
छात्र सुरक्षा से समझौता नहीं: डीईओ
जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, सम्मान और भयमुक्त वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने अथवा शराब पीकर विद्यालय आने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच, शिकायतकर्ताओं की गरिमा की रक्षा और दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई आवश्यक है। अब विभागीय स्तर पर यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण होगा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राएं बिना किसी भय के शिक्षा प्राप्त कर सकें।
- छात्राओं से अश्लील हरकत का आरोप, दो व्याख्याता निलंबित… - October 14, 2026
- बचपन के स्कूल पहुंचीं जिपं सदस्य शिवा साहू, यादें हुईं ताजा… - October 13, 2026
- मां अड़भार अष्टभुजी के दरबार में अग्रवाल ऐरन परिवार ने टेका मत्था… - October 13, 2026
