सारंगढ़। रक्षाबंधन का पावन पर्व इस बार झिंझरी जेल में भी भाईचारे, अपनत्व और सामाजिक समरसता के अनोखे संदेश के साथ मनाया गया। अग्रणी सामाजिक संस्था सेवा भारती की बहनों ने जेल में बंद बंदियों एवं कैदियों के बीच पहुंचकर रक्षाबंधन पर्व मनाया और उनके हाथों पर रक्षा सूत्र बांधकर सुखद एवं उज्ज्वल जीवन की कामना की।
समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवा भारती की बहनों ने बंदियों के साथ आत्मीयता से त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान जेल परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया और बहनों ने बंदियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल रक्षाबंधन पर्व मनाना ही नहीं, बल्कि समाज से दूर रह रहे बंदियों को अपनत्व, प्रेम और सामाजिक सद्भाव का संदेश देना भी था। सेवा भारती द्वारा विगत कई वर्षों से समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान एवं सामाजिक विकास की दिशा में जनहितैषी कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की इस पहल ने जेल में मौजूद बंदियों के बीच भी खुशी और भावनात्मक अपनापन का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर लिपि यादव, प्रतिमा देवांगन, सतीश यादव, ईशान यादव, प्रिंस, गोपाल राज, शौर्य, प्रताप यादव, अयांश यादव, कर्णिका यादव एवं कमल किशोर गोपाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रक्षाबंधन के इस पावन पर्व को यादगार बनाते हुए प्रेम, सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया।

- अटल बाजार बना शराबियों का अड्डा, कोसीर पुलिस की दबिश… - August 29, 2026
- लोक कलाकारों के लिए सुनहरा मौका: 31 अगस्त तक करें आवेदन, मिलेंगे सालाना 24 हजार रुपये तक… - August 29, 2026
- कॉलेज प्रवेश की बड़ी राहत! अब 31 अगस्त तक मिलेगा दाखिला… - August 29, 2026
