सारंगढ़। “कोई मतदाता छूटे ना” के संकल्प के साथ शासकीय लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय में मतदाता जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पद्मिनी भोई साहू ने छात्र-छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाते हुए लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आधारशिला है और 18 वर्ष की आयु पूर्ण करना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी से ही लोकतंत्र मजबूत बनता है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की। साथ ही परिवार के सदस्यों, मित्रों और परिचितों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ‘मेरा वोट, मेरी ताकत’ और ‘वोट फॉर बेटर इंडिया’ थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर मतदान का संदेश दिया। कलेक्टर ने रंगोलियों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं जागरूकता की सराहना की। इस अवसर पर नए मतदाताओं को डिजिटल ई-एपिक की प्रतियां भी वितरित की गईं।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश साहू सहित महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक कर मतदाता सूची में पात्र नागरिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
- बचपन के स्कूल पहुंचीं जिपं सदस्य शिवा साहू, यादें हुईं ताजा… - October 13, 2026
- मां अड़भार अष्टभुजी के दरबार में अग्रवाल ऐरन परिवार ने टेका मत्था… - October 13, 2026
- ‘मेरा वोट, मेरी ताकत’ का संदेश, युवाओं को दिलाई मतदान की शपथ… - October 13, 2026
