सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 अगस्त 2026। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जनदर्शन के दौरान नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया।
जनदर्शन में नागरिकों ने पेंशन की राशि सात माह से लंबित होने, ठेकेदार द्वारा मजदूरी का भुगतान नहीं किए जाने, शिक्षा विभाग में अटैचमेंट से संबंधित मामलों, शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल नहीं मिलने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक एक भी किस्त की राशि प्राप्त नहीं होने सहित कई समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को दर्ज कर उनके निराकरण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का परीक्षण कर शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण पर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि कार्रवाई के बाद आवेदकों को आवश्यकतानुसार निराकरण की स्थिति एवं की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायत के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सके।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाते हुए शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

- किडनी खराब होने से पहले शरीर देता है ये 5 बड़े संकेत! कहीं आप तो नहीं कर रहे नजरअंदाज? - October 3, 2026
- गेहूं के आटे से बनाएं सुपर टेस्टी नाश्ता, समोसा-कचौड़ी की छुट्टी! - October 3, 2026
- Drishyam 3′ ने ओपनिंग डे पर तोड़ा ‘पठान’ का रिकॉर्ड, बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई कर रही फिल्म… - October 3, 2026
