सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के सख्त निर्देशों के बाद जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र कुमार पटेल एवं एसडीओपी श्री गोविन्द सिंह दीवान के मार्गदर्शन में चौकी कनकबीरा प्रभारी श्री टीकाराम खटकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 17 अगस्त 2026 को चौकी कनकबीरा पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छीछपानी एवं भालूपानी जंगल की ओर से दो व्यक्ति कच्ची महुआ शराब लेकर बिक्री करने के उद्देश्य से आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी श्री टीकाराम खटकर ने तत्काल पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
मुखबिर की सूचना की तस्दीक एवं आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने ग्राम कपरतुंगा बैरियर के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध रूप से आते दो व्यक्तियों को पुलिस ने रोककर पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से प्लास्टिक बोरी में रखी दो पॉलिथीन बरामद हुईं। इनमें एक पॉलिथीन में 10 लीटर तथा दूसरी में 15 लीटर, कुल 25 लीटर कच्ची महुआ शराब मिली।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्ती पत्रक के माध्यम से गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया। मामले में आरोपी आनंद कुमार साहू एवं सुरेश सारथी के विरुद्ध धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 18 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

टीकाराम खटकर के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई
चौकी कनकबीरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच पुलिस की सख्ती का संदेश गया है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा द्वारा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दिए गए निर्देशों के अनुरूप चौकी प्रभारी श्री टीकाराम खटकर के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का काम किया जा रहा है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी कनकबीरा श्री टीकाराम खटकर, प्रधान आरक्षक हीराधर नाग, आरक्षक कुंजबिहारी निराला, पोशेंद्र कुर्रे, जगजीवन खूंटे एवं जीतराम यादव सहित समस्त चौकी कनकबीरा स्टाफ का विशेष योगदान रहा। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
- प्रयास आवासीय विद्यालय में वर्षा निराला का चयन, सारंगढ़ में हर्ष… - August 18, 2026
- सारंगढ़:जनदर्शन में कलेक्टर का सख्त निर्देश,शिकायतों का समयबद्ध हो निराकरण… - August 18, 2026
- तिरंगे की शान में गूंजा देशभक्ति का संदेश, कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने किया ध्वजारोहण… - August 18, 2026
