सारंगढ़-बिलाईगढ़, 17 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत छत्तीसगढ़ में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों के सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट पर काउंसलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची एवं तिथियां जारी कर दी गई हैं।
कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में 20 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। काउंसलिंग का समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। पात्र छात्र-छात्राओं को निर्धारित तिथि पर संबंधित काउंसलिंग स्थल में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।

काउंसलिंग के लिए ये दस्तावेज जरूरी
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। इनमें कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी अर्थात 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक की उत्तीर्ण अंकसूची, प्रधानपाठक अथवा प्राचार्य द्वारा जारी कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण पत्र, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र शामिल हैं।
इसके अलावा विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र और अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित विद्यार्थियों के लिए 10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरी से सत्यापित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
विशेष श्रेणी के विद्यार्थियों को भी प्रमाण पत्र लाना होगा
विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों के लिए संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इनमें दिव्यांगता, दिव्यांग माता-पिता के बच्चे, अनाथ बच्चे, विधवा माता के बच्चे, परित्यक्ता महिला के बच्चे तथा देश की रक्षा अथवा कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस, अर्द्धसैनिक, सशस्त्र बल या सैनिक के बच्चे होने संबंधी प्रमाण पत्र शामिल हैं।
प्रवेश के बाद भी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य
काउंसलिंग के बाद संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश की पात्रता पूरी करने वाले विद्यार्थियों को तीन दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।
विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग स्थल पर पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो। काउंसलिंग से संबंधित छात्र-छात्राओं की सूची एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट eklavya.cg.nic.in पर देखी जा सकती है।
- सारंगढ़:48 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय, 2.06 करोड़ की मंजूरी… - August 17, 2026
- कैथा मेले में जुए की दुकानें! पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल… - August 17, 2026
- कुपोषण के खिलाफ सारंगढ़-बिलाईगढ़ की बड़ी कामयाबी, 88 बच्चे हुए सुपोषित… - August 17, 2026
