सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके गृह ग्राम बगिया में प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ क्रांतिकारी शिक्षक संघ छत्तीसगढ़ एवं प्रांतीय संयुक्त सचिव लैलून भारद्वाज ने मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शिक्षकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्यमंत्री साय के साथ लंबी एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
लैलून भारद्वाज ने मुख्यमंत्री के समक्ष टीईटी परीक्षा, शिक्षकों की पदोन्नति एवं पदोन्नति में आरक्षण सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करने की समय-सीमा वर्ष 2028 तक निर्धारित की गई है, जबकि वर्तमान में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इसमें टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को ही पदोन्नति दिए जाने की व्यवस्था से बड़ी संख्या में शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने मांग रखी कि जब शिक्षकों को वर्ष 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करने का अवसर दिया गया है, तो पदोन्नति प्रक्रिया में पूर्व की भांति वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति की जाए। साथ ही पदोन्नति में आरक्षण लागू करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई।
लैलून भारद्वाज ने यह भी कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में शिक्षकों के लिए विभागीय स्तर पर टीईटी परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी शिक्षकों के लिए विभागीय टीईटी परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए, ताकि पात्र शिक्षकों को परीक्षा उत्तीर्ण करने का अवसर मिल सके।
शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सकारात्मक चर्चा करते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। मुख्यमंत्री की सकारात्मक पहल पर प्रदेश अध्यक्ष लैलून भारद्वाज ने उनका आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण की उम्मीद जताई।

- सारंगढ़:एसपी सुनील शर्मा का सख्त एक्शन,थाना प्रभारी शिवकुमार धारी की टीम ने 47 लीटर अवैध महुआ शराब पकड़ी… - August 17, 2026
- स्वतंत्रता दिवस पर गांव-गांव गूंजा देशभक्ति का संदेश, शिवा अनिल साहू ने फहराया तिरंगा… - August 17, 2026
- शिक्षकों की मांगों पर सीएम साय ने दिए सकारात्मक निर्देश… - August 17, 2026
