सारंगढ़। जिला मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में सारंगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव को उत्कृष्ट विवेचना और प्रभावी पुलिस कार्यशैली के लिए सम्मानित किया गया। सरिया थाना प्रभारी के रूप में पदस्थापना के दौरान उन्होंने पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामलों में उत्कृष्ट विवेचना करते हुए आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
प्रमोद यादव जब सरिया थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ थे, उस दौरान थाना क्षेत्र के ग्राम बार, जटियापाली और भीखमपुरा में पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज तीन गंभीर मामलों की उन्होंने गहन एवं प्रभावी विवेचना की। इन मामलों में पुलिस की मजबूत विवेचना के परिणामस्वरूप न्यायालय द्वारा एक आरोपी को आजीवन कारावास, जबकि अन्य दो मामलों में दो आरोपियों को 10-10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई।
इन्हीं मामलों में उत्कृष्ट विवेचना, साक्ष्यों के संकलन और प्रभावी अनुसंधान के लिए प्रमोद यादव को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रमोद यादव को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

वर्तमान पदस्थापना में भी लगातार कार्रवाई
वर्तमान में सारंगढ़ जिला मुख्यालय स्थित कोतवाली थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ प्रमोद यादव अपनी कार्यशैली और सक्रियता को लेकर लगातार चर्चा में हैं। पदस्थापना के बाद से ही उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इन कार्रवाइयों से अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

उत्कृष्ट विवेचना बनी सम्मान की वजह
प्रमोद यादव की पहचान केवल कार्रवाई करने वाले पुलिस अधिकारी के रूप में ही नहीं, बल्कि गंभीर मामलों की बारीकी से विवेचना कर उन्हें न्यायालय तक मजबूती से पहुंचाने वाले अधिकारी के रूप में भी बनी है। पॉक्सो जैसे संवेदनशील मामलों में उनकी विवेचना के आधार पर आरोपियों को कठोर सजा मिलना उनकी पेशेवर दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है।
स्वतंत्रता दिवस जैसे गरिमामय अवसर पर मिला यह सम्मान प्रमोद यादव के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ पुलिस विभाग के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी कार्यशैली और अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई से पुलिस की जवाबदेही, सक्रियता और वर्दी की प्रतिष्ठा को मजबूती मिल रही है। यही वजह है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रमोद यादव का सम्मान सिर्फ एक पुलिस अधिकारी का सम्मान नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठ पुलिसिंग और कानून के प्रति समर्पण का सम्मान माना जा रहा है।
- ग्राम विकास में अब विज्ञान और सहभागिता का जोर… - October 1, 2026
- सियान के संगवारी में बुजुर्गों संग बच्चों की सजी अनोखी चौपाल… - October 1, 2026
- सियान बोझ नहीं, समाज की जड़ हैं… सम्मान और सहारे की जरूरत… - October 1, 2026
