रायपुर/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प मजबूत करने का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. भीमराव अंबेडकर, वीर सावरकर सहित स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों तथा छत्तीसगढ़ के जननायकों भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, गेंद सिंह, धुरवा राव, यादव राव, वेंकट राव, डेबरी धुर और आयतु माहरा को नमन किया।

बस्तर में शांति के साथ विकास की नई सुबह
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का नया वातावरण बना है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। बंद स्कूलों को फिर शुरू करने के साथ नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं और दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।
‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत लाखों लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। सड़क, बिजली, परिवहन और संचार सुविधाओं के विस्तार के साथ अंदरूनी गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने का काम जारी है।
किसान और सिंचाई सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देते हुए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
सिंचाई विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी दी गई है। सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। इंद्रावती नदी पर मटनार और देउरगांव बैराज निर्माण से लगभग 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की बात मुख्यमंत्री ने कही।
हर जरूरतमंद परिवार को पक्का मकान
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मोदी की गारंटी’ के अनुरूप प्रदेश में अब तक 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। प्रतिदिन औसतन 1,600 घरों का निर्माण हो रहा है। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के माध्यम से 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
महिलाओं और आदिवासी परिवारों को सशक्त बनाने पर जोर
‘महतारी वंदन योजना’ के तहत अब तक 19 हजार 444 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जाने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से 56 हजार से अधिक पीवीटीजी परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। 6,691 जनजातीय बहुल गांवों में ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार, शिक्षा, कौशल, खेल और नवाचार के नए अवसर दिए जा रहे हैं। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम योजना’ शुरू की जा रही है। अग्निवीरों को पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय भी लिया गया है।
एआई मिशन से बदलेगा भविष्य
राज्य में 500 करोड़ रुपए के ‘छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके तहत 100 एआई डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी। छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को एआई प्रशिक्षण देने की योजना है।
निवेश और उद्योगों से रोजगार को रफ्तार
नई औद्योगिक नीति के माध्यम से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने और लगभग 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना मुख्यमंत्री ने बताई।
नवा रायपुर में गारमेंट इकाई, मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट तथा प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।
ऊर्जा, सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए उत्पादन, पारेषण और वितरण पर काम किया जा रहा है। 90 हजार से अधिक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ ले रहे हैं। भारतमाला परियोजना, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे, रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर और रावघाट-जगदलपुर रेल नेटवर्क प्रदेश के विकास को नई गति देंगे।
दूरस्थ क्षेत्रों में 829 मोबाइल टावर लगाए गए हैं तथा भारतनेट 3.0 के माध्यम से 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य है।
‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत
स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे। साथ ही ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ के माध्यम से 6,524 गांवों में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय बनाए जाने की बात कही।
सुशासन और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘सीएम हेल्पलाइन 1076’ के माध्यम से 80 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया है। ‘सेवा सेतु पोर्टल’ के जरिए 700 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। साइबर अपराध से निपटने के लिए राज्य में नौ नए साइबर पुलिस थाने बनाए गए हैं और डायल-112 सेवा पूरे प्रदेश में लागू है।
पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान
बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए ‘मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन’ पर जोर दिया जा रहा है। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने और वहां टेंट सिटी बनाने की योजना है। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ की लोककला को बढ़ावा देने के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ और छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के निर्माण का निर्णय लिया गया है।
विकसित भारत के लिए विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन के समापन में कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ प्रदेशवासियों का सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने ऋग्वेद के मंत्र “संगच्छध्वं, सं वदध्वं, सं वो मनांसि जानताम्” का उल्लेख करते हुए एकजुट होकर प्रदेश और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के अमृत मूल्यों से प्रेरणा लेकर, कर्तव्यों को सर्वोपरि रखते हुए और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना से विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।
- विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री साय का बड़ा ऐलान… - August 16, 2026
- “प्रमोद यादव की उत्कृष्ट विवेचना को सलाम, स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान से बढ़ा वर्दी का मान”… - August 16, 2026
- उज्जैन से प्रयागराज तक, नाग देवता को समर्पित हैं देश के ये 3 प्रसिद्ध मंदिर, नाग पंचमी पर कर सकते हैं दर्शन…. - August 16, 2026
