राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने 72 घंटे के भीतर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. रावतपुरा फेस 2 स्थित ‘श्री गुरू ज्वेलर्स’ की दीवार तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात उड़ाने वाले इस गिरोह में दो महिलाएं भी शामिल हैं.

एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और वाहन सहित करीब 7.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है.
सुबह दुकान पहुंचने पर खुली पोल
घटना 10 अगस्त 2026 की है, जब दुकान संचालक निमाई डोन्डा सुबह करीब 7 बजे दुकान पहुंचे. वहां दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
10 टीमों ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम/साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुडिया के मार्गदर्शन में 10 से अधिक विशेष टीमों का गठन किया गया. टीमों ने घटनास्थल के आसपास के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुराने नकबजनों के रिकॉर्ड की जांच की.
संदेही महिला से पूछताछ में मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने आकांक्षा सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अन्य सदस्यों को दबोच लिया.
चोरी की योजना और आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, मुख्य योजना लोकेश राव और एम. मोहन राव ने बनाई थी. घटना के दिन एम. मोहन राव और मिराज आलम दीवार तोड़कर अंदर घुसे, जबकि लोकेश बाहर रहकर निगरानी कर रहा था. चोरी में लोकेश की पत्नी उषा और आकांक्षा सोनी ने भी मदद की थी.
पकड़े गए आरोपियों में से एम. मोहन राव का गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड रहा है; उस पर दुर्ग जीआरपी में हत्या के 4 मामलों समेत कुल 5 प्रकरण दर्ज हैं और वह 10 साल की सजा भी काट चुका है. वहीं लोकेश राव और उसकी पत्नी उषा के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं.
बरामदगी:
2 किलोग्राम चांदी के जेवरात और सोने का लॉकेट
वारदात में प्रयुक्त 2 दोपहिया वाहन
5 मोबाइल फोन
(कुल जब्त मशरूका की कीमत: लगभग ₹7.50 लाख)
गिरफ्तार आरोपी:
लोकेश राव उर्फ विकास (35 वर्ष), निवासी: टिकरापारा, रायपुर
एम. मोहन राव उर्फ मोनी (39 वर्ष), निवासी: भिलाई, दुर्ग
मिराज आलम (29 वर्ष), निवासी: खुर्सीपार, दुर्ग
उषा उर्फ सपना खुंटे (32 वर्ष), निवासी: टिकरापारा, रायपुर
आकांक्षा सोनी (26 वर्ष), निवासी: पुरानी बस्ती, रायपुर
- “प्रमोद यादव की उत्कृष्ट विवेचना को सलाम, स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान से बढ़ा वर्दी का मान”… - August 16, 2026
- उज्जैन से प्रयागराज तक, नाग देवता को समर्पित हैं देश के ये 3 प्रसिद्ध मंदिर, नाग पंचमी पर कर सकते हैं दर्शन…. - August 16, 2026
- मानसून में हल्का यूरिन इन्फेक्शन भी बन सकता है खतरा, जानें कारण और इलाज.. - August 16, 2026
