सारंगढ़ :सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर भगवान शिव, शिवलिंग और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट व अमर्यादित टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। धार्मिक भावनाएं आहत करने और समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाते हुए ‘सर्व हिंदू समाज’ ने सारंगढ़ पुलिस थाने में लिखित शिकायत सौंपकर एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला स्थित सारंगढ़ पुलिस थाने में प्रस्तुत आवेदन के अनुसार, ‘हंसराज गोयल’ नामक फेसबुक अकाउंट से एक आपत्तिजनक पोस्ट प्रकाशित की गई थी, जिस पर ‘अरुण पन्नालाल’ (छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष) नामक यूजर द्वारा अमर्यादित टिप्पणी की गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस टिप्पणी के माध्यम से भगवान शिव और हिंदू धर्म की आस्था का उपहास उड़ाया गया है, जिससे करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस प्रकार की सामग्री प्रसारित होने से समाज में धार्मिक तनाव उत्पन्न हो सकता है, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
सर्व हिंदू समाज की प्रतिनिधि श्रीमती अनुपमा केशरवानी एवं अन्य महिला सदस्यों ने पुलिस अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को आहत करना) और धारा 196 (विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाना) के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है। पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


- ग्राम विकास में अब विज्ञान और सहभागिता का जोर… - October 1, 2026
- सियान के संगवारी में बुजुर्गों संग बच्चों की सजी अनोखी चौपाल… - October 1, 2026
- सियान बोझ नहीं, समाज की जड़ हैं… सम्मान और सहारे की जरूरत… - October 1, 2026
