सारंगढ़: आजादी के 76वें ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन सारंगढ़-बिलाईगढ़ एवं खेल तथा युवा कल्याण विभाग (छत्तीसगढ़) के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ‘स्वतंत्रता दौड़-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘एक दौड़ देश के नाम’ की थीम पर आधारित यह देशभक्ति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम 14 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को सुबह ठीक 7:00 बजे आयोजित होगा। इस दौड़ की शुरुआत कलेक्टर कार्यालय से होगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए खेलभाठा मैदान पर समाप्त होगी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन तक आजादी का अमृत भाव पहुँचाना और नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल बनाना है। जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं, स्कूली बच्चों और प्रबुद्धजनों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया है। प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों की सहभागिता ही सच्ची राष्ट्रभक्ति की पहचान है।
इसके साथ ही यह आयोजन समाज में स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम, नशामुक्त रहने और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश भी देगा। आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि “आइए, देश के लिए दौड़ें, स्वस्थ रहें और देश को मजबूत बनाएं।” ‘जय जवान, जय किसान, जय भारत’ के नारों के साथ आयोजित होने वाली इस दौड़ को लेकर स्थानीय लोगों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


- ग्राम विकास में अब विज्ञान और सहभागिता का जोर… - October 1, 2026
- सियान के संगवारी में बुजुर्गों संग बच्चों की सजी अनोखी चौपाल… - October 1, 2026
- सियान बोझ नहीं, समाज की जड़ हैं… सम्मान और सहारे की जरूरत… - October 1, 2026
