सारंगढ़। राज्य सरकार श्रम विभाग के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों और उनके बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिकों के बच्चों हेतु निःशुल्क कोचिंग सहायता योजना संचालित कर रही है। योजना के तहत पात्र श्रमिकों के प्रथम दो संतानों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए चयनित कोचिंग संस्थानों के माध्यम से निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए श्रमिक का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कम से कम एक वर्ष की नियमित सदस्यता होना आवश्यक है। पंजीकृत निर्माण श्रमिक अथवा उनकी प्रथम दो संतानें ही योजना के लिए पात्र होंगी।

इन प्रतियोगी परीक्षाओं की मिलेगी मुफ्त तैयारी
योजना के अंतर्गत शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप सीजीपीएससी, छत्तीसगढ़ व्यापम, एसएससी, आईबीपीएस, रेलवे और पुलिस भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए चयनित कोचिंग संस्थानों के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिलेगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना का लाभ लेने के लिए प्रशिक्षणार्थी का आधार कार्ड, श्रमिक पंजीयन कार्ड, श्रमिक का योजना संबंधी स्व-घोषणा प्रमाण पत्र तथा प्रशिक्षणार्थी की शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र एवं अंकसूची की प्रति आवश्यक होगी।
श्रमिक पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क
श्रम विभाग के अंतर्गत श्रमिक पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क है। श्रमिक किसी भी सेवा सेतु सेंटर अथवा कंप्यूटर के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। शासन ने श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं में पंजीयन और आवेदन को आसान बनाने के लिए ‘श्रमेव जयते’ मोबाइल ऐप भी शुरू किया है। इसके माध्यम से श्रमिक स्वयं अपना पंजीयन करने के साथ पात्र योजनाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं।
श्रमिक पंजीयन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता, लाइव फोटो, निर्माण श्रमिक के लिए स्व-घोषणा प्रमाण पत्र और स्वयं का मोबाइल नंबर प्रमुख रूप से आवश्यक है।
जिले में इन स्थानों पर मिल रही सुविधा
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में श्रमिकों की सुविधा के लिए श्रम विभाग के अधीनस्थ श्रम संसाधन केंद्र संचालित हैं। सारंगढ़ में नगरपालिका कार्यालय, बिलाईगढ़ में जनपद पंचायत कार्यालय तथा बरमकेला में जनपद पंचायत कार्यालय में श्रम संसाधन केंद्र के माध्यम से श्रमिकों को पंजीयन एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
श्रम विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि पात्र श्रमिक अपना पंजीयन अवश्य कराएं और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं तथा अपने बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
- सारंगढ़:तिरंगे से सजे 100 ट्रैक्टर, किसानों ने निकाली भव्य यात्रा… - August 12, 2026
- 112 की तत्परता से बची युवक की जान, जहर सेवन के बाद कराया अस्पताल में भर्ती… - August 12, 2026
- खराब खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी… - August 12, 2026




