सारंगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार के श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘श्रमॆव जयते’ मोबाइल ऐप शुरू किया गया है। इस ऐप के माध्यम से श्रमिक अपने मोबाइल से घर बैठे श्रमिक पंजीयन कर सकते हैं और विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
श्रमिकों को विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक रूप से श्रमिक पंजीयन कराना होता है। इसके लिए वे अपने मोबाइल के गूगल प्ले स्टोर से ‘श्रमॆव जयते’ ऐप निःशुल्क डाउनलोड कर स्वयं अपना पंजीयन कर सकते हैं।
ऐप के माध्यम से श्रम विभाग के अधीन भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल, असंगठित कर्मकार मंडल, श्रम कल्याण मंडल सहित विभिन्न मंडलों में संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही पात्र श्रमिक संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।

दूरदराज के श्रमिकों को मिलेगी बड़ी राहत
श्रमॆव जयते ऐप विशेष रूप से मैदानी, दूरस्थ अंचलों और आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले श्रमिकों के लिए उपयोगी साबित होगा। अभी तक पंजीयन और योजनाओं का लाभ लेने के लिए श्रमिकों को कई बार श्रम कार्यालय अथवा सेवा सेतु केंद्र जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे।
मोबाइल ऐप की सुविधा से अब श्रमिकों को छोटी-छोटी प्रक्रियाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी। सरकार का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से श्रमिक हितैषी योजनाओं को सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना और उन्हें अधिक सुविधाजनक तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
‘श्रमॆव जयते’ ऐप श्रमिकों के लिए डिजिटल सुविधा का ऐसा माध्यम बन रहा है, जिससे पंजीयन से लेकर योजनाओं की जानकारी तक कई सेवाएं उनके अपने मोबाइल पर उपलब्ध हो सकेंगी।
- सारंगढ़:तिरंगे से सजे 100 ट्रैक्टर, किसानों ने निकाली भव्य यात्रा… - August 12, 2026
- 112 की तत्परता से बची युवक की जान, जहर सेवन के बाद कराया अस्पताल में भर्ती… - August 12, 2026
- खराब खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी… - August 12, 2026




