सारंगढ़। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के कुशल नेतृत्व में जिला अस्पताल सारंगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर नए आयाम स्थापित कर रहा है। अस्पताल की समर्पित एवं अनुभवी मेडिकल टीम ने एक बार फिर अपनी दक्षता, तत्परता और सेवाभाव का परिचय देते हुए महज 48 घंटों के भीतर 11 सुरक्षित प्रसव सफलतापूर्वक कराए हैं।
अस्पताल प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन 11 प्रसवों में 6 सामान्य प्रसव तथा 5 जटिल सिजेरियन ऑपरेशन शामिल हैं। विशेष बात यह है कि सभी माताएं और नवजात शिशु वर्तमान में पूरी तरह स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकों की निगरानी में उनकी समुचित देखभाल की जा रही है।
जिला अस्पताल में लगातार सुरक्षित प्रसव और बेहतर चिकित्सा सेवाओं का संचालन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सीमित संसाधनों के बीच भी मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने, चिकित्सकीय व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और आपात परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने पर अस्पताल प्रशासन का विशेष जोर है।
इस सफलता में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कुंती नायक, आरएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे सहित समस्त नर्सिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेडिकल टीम ने पूरी मुस्तैदी, समन्वय और सेवाभाव के साथ कार्य करते हुए जटिल मामलों में भी सफलतापूर्वक प्रसव कराया।
सुरक्षित प्रसव के बाद माताओं और नवजात शिशुओं के स्वस्थ होने से परिजनों में खुशी का माहौल रहा। परिजनों ने जिला अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधा, चिकित्सकों की तत्परता और नर्सिंग स्टाफ के व्यवहार एवं सेवाभाव की सराहना करते हुए अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला अस्पताल सारंगढ़ के चिकित्सकों, अधिकारियों एवं समस्त स्वास्थ्य कर्मियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने पूरी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इसी तरह समर्पण, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ कार्य करते रहना चाहिए।
जिला अस्पताल की यह उपलब्धि न केवल चिकित्सा टीम की कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता और टीमवर्क की मजबूत मिसाल भी पेश करती है।

- सारंगढ़:तिरंगे से सजे 100 ट्रैक्टर, किसानों ने निकाली भव्य यात्रा… - August 12, 2026
- 112 की तत्परता से बची युवक की जान, जहर सेवन के बाद कराया अस्पताल में भर्ती… - August 12, 2026
- खराब खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी… - August 12, 2026




