सारंगढ़-बिलाईगढ़, 12 अगस्त 2026। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कलेक्ट्रेट परिसर सारंगढ़ में चार चिन्हित दिव्यांगजनों को स्वरोजगार इकाई की स्थापना के लिए आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री प्रदान की। इस दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों को स्वयं की चलित स्वरोजगार इकाई स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांगजनों की प्रतिभा और हुनर को पहचानकर उन्हें रोजगार से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने स्वरोजगार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शेडनुमा ट्राईसायकल दिव्यांगजनों के आवागमन के साथ-साथ उनके स्वरोजगार में भी महत्वपूर्ण सहारा बनेगी।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा ‘सक्षम सारंगढ़’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दिव्यांगजनों की रुचि और क्षमता के अनुरूप व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें लघु स्वरोजगार इकाई स्थापित करने तथा पुनर्वासित करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत जिले के 30 दिव्यांग युवाओं को पुनर्वासित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण में चार दिव्यांग युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण एवं सहायता प्रदान कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाया गया है। इससे दिव्यांग युवाओं को अपनी क्षमता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश कुमार साहू एवं समाज कल्याण अधिकारी विनय तिवारी उपस्थित रहे।





