सारंगढ़। 10 अगस्त 2026। उच्च शिक्षा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास मंत्री एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने सोमवार को सारंगढ़ प्रवास के दौरान जिले को स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा एवं पशु चिकित्सा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी। मंत्री ने विभिन्न विभागों के नवनिर्मित भवनों एवं सुविधाओं का लोकार्पण करते हुए जिला मुख्यालय की अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।
मंत्री वर्मा ने 74 लाख 59 हजार रुपये की लागत से निर्मित पशु चिकित्सा विभाग के जिला कार्यालय भवन, 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्वास्थ्य विभाग के सीजीएमएससी के अतिरिक्त कक्ष एवं बीपीएचयू भवन, जिला अस्पताल में मेडिसिन वार्ड तथा जनभागीदारी मद से निर्मित शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अतिरिक्त कक्ष का विधिवत लोकार्पण किया।

ऑफिसर्स क्लब में दिखा मंत्री का अलग अंदाज
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद मंत्री टंकराम वर्मा ने ऑफिसर्स क्लब का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में बने जिम का भी जायजा लिया और व्यायाम मशीन पर कुछ स्टेप कर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सहज अंदाज में नजर आए। इसके बाद मंत्री ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और विधायक उत्तरी जांगड़े के साथ करीब दो मिनट तक बैडमिंटन खेलकर माहौल को खुशनुमा बना दिया।
मंत्री ने ऑफिसर्स क्लब परिसर में वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
छुहीपाली में सीड बॉल अभियान, हरियाली का दिया संदेश
मंत्री वर्मा ने ग्राम छुहीपाली में आयोजित सीड बॉल के वृहद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने स्वयं सीड बॉल डालने के साथ वृक्षारोपण किया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को जनभागीदारी से मजबूत करना रहा।
कंपोजिट बिल्डिंग का किया निरीक्षण
छुहीपाली से लौटते समय प्रभारी मंत्री ने जिला कार्यालय स्थित संयुक्त भवन (कंपोजिट बिल्डिंग) का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं और भवन में संचालित विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
किसानों को बांटे स्वामित्व योजना के अभिलेख
शाम 5 बजे मंत्री टंकराम वर्मा ने सारंगढ़ मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के तहत किसानों को उनके अधिकार संबंधी अभिलेख वितरित किए। अभिलेख मिलने से हितग्राहियों को अपनी संपत्ति के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्राप्त हुए, जिससे संपत्ति संबंधी अधिकारों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत हुई अधोसंरचना
जिला मुख्यालय में स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा और पशु चिकित्सा विभाग के लिए निर्मित नए भवनों एवं सुविधाओं से जिले की संस्थागत अधोसंरचना को मजबूती मिली है। इन सुविधाओं से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों और पशुपालकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, एसपी सुनील शर्मा, विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, सदस्य दिनेश जांगड़े, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, गणमान्य नागरिक ज्योति लाल पटेल, सुभाष जालान, मनोज जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


- सारंगढ़ में 11 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे अगुआई… - August 10, 2026
- लकवे से जूझते बुजुर्ग दंपत्ति की जिंदगी में ‘अन्नपूर्णा मुहिम’ ने जगाई उम्मीद… - August 10, 2026
- सारंगढ़ को मिली विकास की नई सौगात: मंत्री टंकराम वर्मा ने करोड़ों के विकास कार्यों का किया लोकार्पण… - August 10, 2026




