सारंगढ़। सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों एवं अन्य स्रोतों से निकलने वाली फ्लाई ऐश (राखड़) को बिना अनुमति और निर्धारित मानकों का पालन किए खुले स्थानों, खेतों, सड़क किनारे तथा आबादी के आसपास डंप किए जाने की शिकायतों को लेकर विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े ने गंभीरता दिखाई है। विधायक ने इस संबंध में सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर को पत्र सौंपकर मामले की तत्काल जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
विधायक उत्तरी जांगड़े ने पत्र में कहा है कि अनियंत्रित तरीके से फ्लाई ऐश डंप किए जाने से पर्यावरण, कृषि भूमि, जलस्रोतों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। तेज हवा और वाहनों की आवाजाही के दौरान फ्लाई ऐश के महीन कण आसपास के क्षेत्रों में फैल सकते हैं, जिससे वायु प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वहीं खेतों, जल निकासी वाले क्षेत्रों और जलस्रोतों के आसपास राखड़ डंप किए जाने से भूमि एवं जल की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
विधायक ने कलेक्टर से मांग की है कि सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र में फ्लाई ऐश डंपिंग के संभावित सभी स्थलों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। बिना अनुमति अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर फ्लाई ऐश डंप करने वाले व्यक्तियों, परिवहनकर्ताओं और संबंधित संस्थाओं की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पत्र में फ्लाई ऐश परिवहन करने वाले वाहनों की जांच करने, कृषि एवं शासकीय भूमि, नदी-नाला, तालाब, जलस्रोत तथा आबादी के आसपास की गई संदिग्ध या अवैध डंपिंग को हटाने की कार्रवाई करने की मांग भी की गई है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में पर्यावरण एवं जल प्रदूषण की स्थिति की जांच कराने पर भी जोर दिया गया है।
विधायक उत्तरी जांगड़े ने पर्यावरण, खनिज, राजस्व, परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर विशेष जांच अभियान चलाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की डंपिंग की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निगरानी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
विधायक ने स्पष्ट किया कि सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य, पर्यावरण और कृषि भूमि की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में फ्लाई ऐश के अनियंत्रित डंपिंग की शिकायतों पर प्रशासन द्वारा त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई किया जाना जरूरी है।

- फ्लाई ऐश डंपिंग पर विधायक उत्तरी जांगड़े सख्त, कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग… - September 25, 2026
- कनकबीरा में पुलिस का नया पहरा, नई चौकी से अपराध पर लगेगी लगाम… - September 25, 2026
- दो बेटियों की पढ़ाई को मिला संबल, नौनिहाल छात्रवृत्ति से खिली लक्ष्मीनारायण के परिवार की उम्मीद… - September 25, 2026
