रायगढ़। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 24 टन स्क्रैप से लदे 14 चक्का ट्रक को पकड़ा है। जब्त कबाड़ और ट्रक की कुल कीमत करीब 17.55 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि रायगढ़ की ओर से एक 14 चक्का ट्रक में अवैध रूप से स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने गेरवानी मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान ट्रक क्रमांक RJ05GB2229 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक चालक ने अपना नाम नेमीचंद मीणा (46 वर्ष), निवासी रामपुरिया, थाना इटावा, जिला कोटा, राजस्थान बताया।
तलाशी के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के टिन एवं लोहे के टुकड़ों का स्क्रैप मिला। कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने कबाड़ ओडिशा से लोड कर पूंजीपथरा प्लांट में खपाने के लिए लाने की जानकारी दी।
पुलिस ने करीब 24 टन कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत 7.55 लाख रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त 14 चक्का ट्रक, कीमत 10 लाख रुपये, को जब्त कर लिया। कुल जब्ती 17.55 लाख रुपये की है।
मामले में आरोपी नेमीचंद मीणा के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में धारा 35(क)(ड) BNSS एवं 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रधान आरक्षक राज कुमार पैकरा, आरक्षक नरेन्द्र पैंकरा, सुरेन्द्र यादव एवं विनय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अवैध कबाड़ कारोबारियों को एसएसपी की दो टूक
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के साथ-साथ ऐसे परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- फ्लाई ऐश डंपिंग पर विधायक उत्तरी जांगड़े सख्त, कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग… - September 25, 2026
- कनकबीरा में पुलिस का नया पहरा, नई चौकी से अपराध पर लगेगी लगाम… - September 25, 2026
- दो बेटियों की पढ़ाई को मिला संबल, नौनिहाल छात्रवृत्ति से खिली लक्ष्मीनारायण के परिवार की उम्मीद… - September 25, 2026
