सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ को 20 बिस्तरीय नए मेडिसिन वार्ड एवं पीएम अभिम योजना के तहत नवीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) भवन की सौगात मिली है। नवीन सुविधाओं का भव्य लोकार्पण प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पाण्डेय, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में हुआ।
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के लगातार विस्तार के पीछे सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के कुशल नेतृत्व और बेहतर प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों के विस्तार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में उनके प्रयासों से जिला अस्पताल की तस्वीर लगातार बदल रही है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन और डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
20 बिस्तरीय नए मेडिसिन वार्ड के शुरू होने से गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूसरे जिलों या बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होगी। गंभीर निमोनिया, हृदय संबंधी समस्याओं, अनियंत्रित मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा मौसमी एवं गंभीर संक्रामक बीमारियों से पीड़ित मरीजों को जिला अस्पताल में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। नए वार्ड के साथ अस्पताल के बुनियादी ढांचे में भी विस्तार हुआ है, जिससे मरीजों को भर्ती उपचार के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। वहीं नवीन BPHU भवन के माध्यम से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जिला चिकित्सालय के आरएमओ डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे सहित अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारियों की टीम भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में जुटी है। लगातार बढ़ती सुविधाओं के बीच जिला अस्पताल अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लोगों के लिए भरोसे का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बनता जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की यह पहल जिले के हजारों लोगों के लिए राहत और उम्मीद की बड़ी सौगात है।







