रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। छाल थाना पुलिस ने SECL धरमखदान में ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप की बॉडी और लोहे के पाइप चोरी के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब ₹1.20 लाख का चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें, कुल लगभग ₹3 लाख का मशरूका बरामद किया है।

रिपोर्ट के बाद पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ जांच
सुरक्षा प्रहरी दिलीप कुमार राठिया, SECL छाल उपक्षेत्र ने थाना छाल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे से 11 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने धरमखदान में लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, ट्रांसफार्मर केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी कर लिए। चोरों ने ट्रांसफार्मर को भी क्षतिग्रस्त किया था। चोरी गए सामान की कीमत करीब ₹1.20 लाख बताई गई।
मामले में थाना छाल में अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
खेदापाली चौक पर दबोचे गए 6 संदिग्ध
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खेदापाली चौक के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर केबल और अन्य सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने दीपक पात्रो, शनिचराम अरमु, छतन धनवार, रूपभवन सिंह उइके, टुपाल सिंह मरावी और भारत सिंह मरकाम के रूप में अपनी पहचान बताई।
पूछताछ में आरोपियों ने धरमखदान से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उन्होंने चोरी का सामान चंद्रशेखरपुर (एडू) स्थित धरमखदान डम्पिंग यार्ड के पीछे मॉड नदी के किनारे छिपाकर रखना बताया।
निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद
आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस ने ट्रांसफार्मर केबल वायर, ट्रांसफार्मर पार्ट्स एवं एंगल, लोहे के पाइप, पानी पंप की दो लोहे की बॉडी सहित वारदात में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें और आरीपत्ती ब्लेड जब्त किया।
बरामद सामान की कीमत करीब ₹1.20 लाख, जबकि तीन मोटरसाइकिलों की कीमत करीब ₹1.80 लाख आंकी गई है। इस तरह पुलिस ने कुल करीब ₹3 लाख का मशरूका बरामद किया है।
आरोपियों के खिलाफ जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है। मामले में संगठित अपराध से संबंधित धारा 112(2) एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
दीपक पात्रो, उम्र 42 वर्ष, निवासी राताखार वार्ड क्रमांक 03, कोरबा।
शनिचराम अरमु, उम्र 22 वर्ष, निवासी कांसामार, कटघोरा, कोरबा।
भारत सिंह मरकाम, उम्र 42 वर्ष, निवासी पाथा, बांगो, कोरबा।
टुपाल सिंह मरावी, उम्र 30 वर्ष, निवासी पाथा, बांगो, कोरबा।
रूपभवन सिंह उइके, उम्र 28 वर्ष, निवासी पाथा, बांगो, कोरबा।
छतन धनवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी सराईपाली, बाल्को, कोरबा।
तीन बाइक समेत ₹3 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर केबल वायर, ट्रांसफार्मर पार्ट्स एवं एंगल, लोहे के पाइप, पानी पंप की दो लोहे की बॉडी, स्प्लेंडर CG-12-BW-2410, बजाज CT-100 CG-12-2131 और HF Deluxe CG-12-7419 सहित आरीपत्ती ब्लेड जब्त किया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभु प्रसाद पाण्डेय, शंकर सिंह क्षत्रिय, अशोक देवांगन, आरक्षक राजेश राठौर, सुरेन्द्र बंशी एवं भगवती लक्ष्मे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी, संपत्ति संबंधी अपराध और संगठित अपराध में रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करेगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस टीमों को त्वरित पतासाजी, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की अधिकतम बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। औद्योगिक संस्थानों और आमजन की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।




