सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 अगस्त 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जेल की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सारंगढ़ उप जेल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने जेल परिसर में चल रहे बैरक निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेल में निरुद्ध बंदियों की संख्या, उनके रहने की व्यवस्था, भोजन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी जेलर से ली। जेलर ने बताया कि उप जेल में निरुद्ध अधिकांश बंदी स्थानीय सारंगढ़ जिले के हैं। कलेक्टर एवं एसपी ने जेल की व्यवस्थाओं के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी इंतजामों की भी जानकारी ली और आवश्यकतानुसार सतत निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बंदियों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बंदियों के स्वास्थ्य को लेकर सारंगढ़ बीएमओ को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों का नियमित रूप से मेडिकल टीम के माध्यम से रूटीन स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए, ताकि किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बंदियों से सीधे बातचीत भी की। उन्होंने बंदियों की दैनिक दिनचर्या, भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था तथा जेल में उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने बंदियों की आवश्यकताओं और व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर एवं एसपी के निरीक्षण से जेल की सुरक्षा, निर्माण कार्य, स्वास्थ्य सुविधा और बंदियों की मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की गंभीरता स्पष्ट नजर आई।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सारंगढ़ उमेश कुमार साहू, सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव, डॉ. रामलाल सिदार, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, एडिशनल एसपी निमिषा पाण्डेय, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव सहित पुलिस एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
- छिंद में 21 वर्षीय युवक की नहर में तैरती मिली लाश..गले पर चोट के निशान से फैली सनसनी… - September 28, 2026
- महानदी ने लिया रौद्र रूप, बरेकेल में बढ़ा बाढ़ का खतरा, हसौद-सरसीवां मार्ग बंद… - September 28, 2026
- बैंक हड़ताल अचानक क्यों टल गई? क्या सरकार ने मान ली मांगें? - September 28, 2026
