सारंगढ़ ।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिंद में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव की नहर में एक 21 वर्षीय युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान छिंद निवासी भूपेंद्र साहू (पिता कृपा साहू) के रूप में हुई है। युवक के शरीर व गले पर गंभीर चोट के निशान मिलने से क्षेत्र में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र साहू शनिवार से घर से निकला हुआ था और देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजन अपने स्तर पर रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। रविवार की शाम ढलने से पहले छिंद मुख्य मार्ग स्थित नहर में राहगीरों व ग्रामीणों ने एक शव को पानी में तैरते देखा। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों ने युवक की पहचान भूपेंद्र के रूप में की और तत्काल परिजनों व पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। प्राथमिक निरीक्षण के दौरान मृतक के गले समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदेहास्पद नजर आ रहा है।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।

- छिंद में 21 वर्षीय युवक की नहर में तैरती मिली लाश..गले पर चोट के निशान से फैली सनसनी… - September 28, 2026
- महानदी ने लिया रौद्र रूप, बरेकेल में बढ़ा बाढ़ का खतरा, हसौद-सरसीवां मार्ग बंद… - September 28, 2026
- बैंक हड़ताल अचानक क्यों टल गई? क्या सरकार ने मान ली मांगें? - September 28, 2026
