रायगढ़, 6 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव के नेतृत्व में थाना भूपदेवपुर द्वारा एक प्रेरणादायी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को थाना परिसर का शैक्षणिक भ्रमण कराते हुए पुलिस व्यवस्था, कानून और नागरिक कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में पुलिस के प्रति व्याप्त झिझक और भय को समाप्त कर उन्हें कानून के प्रति जागरूक तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की सरल भाषा में जानकारी देते हुए बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना और अपराधों की प्रभावी जांच सुनिश्चित करना है।
विद्यार्थियों को एफआईआर दर्ज होने से लेकर विवेचना, साक्ष्य संकलन, गिरफ्तारी, न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने तथा न्यायिक प्रक्रिया तक की पूरी कार्यप्रणाली विस्तार से समझाई गई। इसके साथ ही लॉकअप, मालखाना, वायरलेस कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, आगंतुक कक्ष, पुलिस रजिस्टरों का संधारण, पुलिस रैंक व्यवस्था और हथियारों की जानकारी देकर पुलिस के दैनिक कार्यों से भी अवगत कराया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सहज और व्यवहारिक ढंग से उत्तर दिया।
कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियमों का पालन, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, बाल विवाह का विरोध, नशे से दूर रहने और आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों को साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए रायगढ़ पुलिस की “हैलो सिस्टर” हेल्पलाइन 9479270533 की जानकारी भी दी गई।
निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों से अनुशासन, शिक्षा और संस्कार को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने, किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय पुलिस और भरोसेमंद लोगों से साझा करने तथा अफवाहों से दूर रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस भ्रमण से पुलिस के प्रति उनका विश्वास और आत्मीयता बढ़ी है तथा अब वे किसी भी समस्या में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करेंगे। इस अवसर पर थाना भूपदेवपुर का समस्त पुलिस स्टाफ, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता तथा पुलिस के प्रति विश्वास विकसित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उनका कहना था कि आज का जागरूक विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा और पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की मित्र एवं हर जरूरतमंद की सहयोगी है।






