विद्यालय स्तरीय विज्ञान मेले में छात्राओं की प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। डॉ. प्रफुल्ल चंद्र राय की जयंती के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, चांपा में आयोजित विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने अपने अभिनव वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत कर सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, अनुसंधान और विज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित करना था।
मेले में तरुण वर्ग की कक्षा 11वीं की होनहार छात्रा अंशिका ऐरन अग्रवाल ने ‘वॉटर पॉल्यूशन (जल प्रदूषण)’ विषय पर आकर्षक वैज्ञानिक मॉडल तैयार किया। उन्होंने जल प्रदूषण के प्रमुख कारणों, इसके दुष्प्रभावों तथा बचाव के प्रभावी उपायों को सरल, सहज और वैज्ञानिक ढंग से प्रस्तुत करते हुए शानदार प्रेजेंटेशन दिया। उनके मॉडल और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतीकरण की शिक्षकों, निर्णायकों एवं उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
अंशिका चांपा के बरपाली चौक, स्टेशन रोड स्थित डागा कॉलोनी निवासी रोशन लाल हार्डवेयर स्टोर्स के संचालक अजय-मधु ऐरन अग्रवाल की सुपुत्री हैं। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर दादी कमला देवी अग्रवाल, छोटे भाई लक्ष्य अग्रवाल, पूरे अग्रवाल परिवार, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि अंशिका विज्ञान के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आ रही हैं। इससे पहले भी कक्षा 8वीं, 9वीं और 10वीं में उन्होंने ‘रेन हार्वेस्टिंग (वर्षा जल संरक्षण)’ विषय पर प्रभावशाली वैज्ञानिक मॉडल और बेहतरीन प्रस्तुति देकर प्रशंसा अर्जित की थी। उनकी निरंतर सफलता यह साबित करती है कि विज्ञान के प्रति उनकी गहरी रुचि और नवाचार की सोच उन्हें भविष्य में भी नई उपलब्धियों तक पहुंचाने की क्षमता रखती है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विज्ञान मेले जैसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना, तार्किक सोच और शोध की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं तथा ऐसे मंच बच्चों की प्रतिभा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





