सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 सितंबर। ग्राम सुखापाली, तहसील सरिया में लंबे समय से अतिक्रमण की चपेट में रही करीब 25 एकड़ शासकीय भूमि अब महिला स्व सहायता समूह की आजीविका और आत्मनिर्भरता का आधार बन गई है। राजस्व विभाग की पहल से अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस जमीन को विभिन्न योजनाओं के अभिसरण और महिलाओं की मेहनत से मॉडल फार्म के रूप में विकसित किया गया है। हरियाली स्व सहायता समूह की 14 महिलाएं खेती और बागवानी के जरिए अपनी आय बढ़ाते हुए ‘लखपति दीदी’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
ग्राम सुखापाली में करीब 25 एकड़ शासकीय भूमि लंबे समय से अतिक्रमित थी। तहसील सरिया के राजस्व अमले ने ग्राम पंचायत और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से कार्रवाई कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और शासन के आधिपत्य में लिया। इसके बाद इसी भूमि को महिला समूह की आजीविका संवर्धन से जोड़ा गया।
भूमि को खेती और बागवानी के लिए तैयार करने में विभिन्न योजनाओं का अभिसरण किया गया। वीबीग्रामजी के अंतर्गत भूमि समतलीकरण और शेड निर्माण, जबकि डीएमएफ मद से फेंसिंग, चैन-लिंकिंग और ड्रिप सिंचाई की व्यवस्था की गई। वहीं सीएलएफ के माध्यम से समूह को 10 लाख रुपये की ऋण सहायता मिली।
इस राशि से वीएनआर और पिंक ताइवान किस्म के करीब 7,300 अमरूद पौधे लगाए गए हैं। अमरूद की बागवानी विकसित होने के साथ आने वाले वर्षों में यह महिलाओं के लिए स्थायी आय का महत्वपूर्ण स्रोत बनने की उम्मीद है।
फलदार पौधों से उत्पादन शुरू होने तक आय का सिलसिला जारी रखने के लिए समूह ने अंतर-फसली खेती को भी अपनाया है। करीब 25 एकड़ में खीरा, लौकी और मखना जैसी फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। स्थानीय बाजार में इनकी बिक्री से महिलाओं को नियमित आय प्राप्त हो रही है।
यह पहल केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय भूमि की पुनर्प्राप्ति, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को एक साथ जोड़ने का उदाहरण बन रही है। जिस जमीन पर लंबे समय से अतिक्रमण था, वही आज हरियाली स्व सहायता समूह की महिलाओं के श्रम और योजनागत सहयोग से आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बन चुकी है। सामूहिक मेहनत, आधुनिक सिंचाई, बागवानी और अंतर-फसली खेती के जरिए समूह की महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते हुए ‘लखपति दीदी’ के लक्ष्य को साकार करने में जुटी हैं।



- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
- अतिक्रमण मुक्त जमीन बनी ‘लखपति दीदी’ की राह! - September 20, 2026
