सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 सितंबर 2026। कभी अतिक्रमण के कारण उपयोग से बाहर रही शासकीय भूमि अब ग्राम जामपाली के नन्हे-मुन्ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारभूमि बन गई है। सरिया तहसील के ग्राम जामपाली में शासकीय भूमि खसरा नंबर 309/1 के कुल रकबा 1.833 हेक्टेयर में से कुछ हिस्से पर स्थानीय व्यक्तियों द्वारा अतिक्रमण किया गया था। इसके चलते शासकीय भूमि का जनहित में उपयोग नहीं हो पा रहा था और गांव के बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ था।
मामले को संज्ञान में लेते हुए तहसीलदार सरिया द्वारा राजस्व अभिलेखों की जांच के साथ स्थल निरीक्षण किया गया और शासकीय भूमि की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया गया। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित अतिक्रमणकारियों को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि को खाली छोड़ने के बजाय जनहित और बाल विकास की जरूरतों के अनुरूप उपयोग में लाने की पहल की गई। जनपद पंचायत बरमकेला द्वारा इसी शासकीय भूमि पर आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया गया है। अब यह केंद्र गांव के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध करा रहा है।
आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण तथा बाल विकास से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं। इससे बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा मिलने के साथ अभिभावकों को भी अपने बच्चों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हुई है। कभी अतिक्रमण के कारण अनुपयोगी पड़ी शासकीय भूमि अब बच्चों की शिक्षा, पोषण और विकास का केंद्र बन गई है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत सामने आ रही ‘कहानी बदलाव की’ में जामपाली की यह पहल प्रशासनिक कार्रवाई और जनहितकारी विकास के बेहतर समन्वय का उदाहरण बनकर सामने आई है। यह पहल दर्शाती है कि शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराकर उसका सही और योजनाबद्ध उपयोग किया जाए तो वही भूमि गांव के विकास और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला बन सकती है।

- बिना लाइसेंस बिक रही थी कीटनाशक दवाएं, कृषि विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप… - September 20, 2026
- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
