सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में तेजी लाने और लंबे समय से अधूरे एवं अप्रारंभ आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने जिला प्रशासन ने मैदानी निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ऋषिकेश तिवारी ने जनपद पंचायत सारंगढ़ के ग्राम पंचायत उलखर, पासिद, माल्दा एवं सिंघनपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन, अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत ने हितग्राहियों से सीधे चर्चा कर आवास निर्माण की प्रगति, निर्माण में आ रही समस्याओं तथा कार्य में हो रही देरी की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देशित किया कि सभी अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए और अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए।
श्री तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिले और उनका पक्का आवास जल्द तैयार हो, यह संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आवास निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर रोजगार सहायक सचिव एवं तकनीकी सहायकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक आवास की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
मैदानी निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, सरपंच, तकनीकी सहायक, पीओ, एडीईओ, एपीओ एवं सीईओ जनपद पंचायत सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
- अतिक्रमण मुक्त जमीन बनी ‘लखपति दीदी’ की राह! - September 20, 2026
