सारंगढ़-बिलाईगढ़:
सारंगढ़ क्षेत्र की हजारों ग्रामीण महिलाएं इन दिनों ‘नारी रक्षा सम्मान निधि’ के नाम पर हुई एक बड़ी धोखाधड़ी का शिकार हो गई हैं। जालसाजों और प्राइवेट बैंकों की कथित सांठगांठ से महिलाओं के नाम पर करोड़ों रुपये का फर्जी लोन निकाल लिया गया है। इस गंभीर मामले को लेकर सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े ने पुलिस अधीक्षक सारंगढ़-बिलाईगढ़ को पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई और महिलाओं के होल्ड पड़े खातों को फ्री करने की मांग की है।

दलालों और प्राइवेट बैंकों की सांठगांठ का आरोप-
विधायक द्वारा एसपी को सौंपे गए पत्र के अनुसार, नवीन जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के अंतर्गत कथित संचालक दिनेश बंजारे और दर्जनों प्राइवेट बैंकों की मिलीभगत से इस ठगी को अंजाम दिया गया है। आरोपी दलालों ने केवल आधार कार्ड और पैन कार्ड के सहारे बिना महिलाओं की मौजूदगी के करोड़ों रुपये का ऋण स्वीकृत करवा दिया।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे कभी बैंक गई ही नहीं। महिलाओं का दावा है कि बैंकों में लगे CCTV कैमरों की जांच से इस बात की पुष्टि की जा सकती है। सामान्य लोन के लिए महीनों बैंकों के चक्कर काटने पड़ते हैं, ऐसे में बिना बैंक पहुंचे करोड़ों का लोन स्वीकृत होना बैंकों की सीधी संलिप्तता की ओर इशारा करता है।
इन 11 बैंकों की भूमिका जांच के दायरे में-
शिकायती पत्र में विधायक ने मुख्य रूप से निम्नलिखित संस्थाओं और बैंकों की निष्पक्ष जांच की मांग की है जिसमें
LNT बैंक, सारंगढ़ (थाना के सामने),फेडरल बैंक, एक्सिस बैंक (प्रताप गंज के पास), RBI बैंक
सूर्योदय बैंक (गढ़चौक के पास), आर्शीवाद बैंक, बेलस्टार (गढ़ चौक के पास),चैतन्य बैंक, बरमकेला स्वामन बैंक (अक्षत होण्डा गली में),मिड लैण्ड बैंक कोतरी
आर्शीवाद बैंक कुटेला शामिल हैँ।
खातों को ‘होल्ड फ्री’ करने की मांग-
विधायक श्रीमती उत्तरी जांगड़े ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कथित संचालक दिनेश बंजारे के साथ-साथ इन प्राइवेट बैंकों के लेखा-जोखा और दस्तावेजों की गहन जांच की जाए। साथ ही, उन्होंने ठगी का शिकार हुई ग्रामीण महिलाओं के बैंक खातों पर लगे प्रतिबंध (होल्ड) को तुरंत हटाकर उन्हें राहत देने की अपील की है।


- ऑपरेशन आघात का बड़ा वार! 43 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार… - September 14, 2026
- JSW प्लांट में साइबर सुरक्षा की पाठशाला, पुलिस ने बताया ठगी से बचने का तरीका… - September 14, 2026
- गड्ढों में डूबा बिलाईगढ़! गौरव पथ बना जानलेवा, रोज गिर रहे बाइक सवार… - September 14, 2026
