सारंगढ़। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज ने जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जंतर-मंतर जनता की आवाज उठाने का प्रमुख मंच माना जाता है और वहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि देश का युवा केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर रहा, बल्कि पेपर लीक, भर्ती में अनियमितताओं और लगातार हो रही देरी जैसी समस्याओं से भी जूझ रहा है। इन कारणों से लाखों युवाओं के जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष बर्बाद हो रहे हैं और उनके भविष्य पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की मेहनत, ईमानदारी और विश्वास को कमजोर कर रही है। उनके अनुसार जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवा किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि अपने रोजगार और भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे थे। इसके बावजूद उन्हें लाठीचार्ज, हिरासत और बैरिकेडिंग का सामना करना पड़ा, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बिनोद भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और सत्ता स्थायी नहीं होती। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि अहंकार छोड़कर युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुना जाए, भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि युवाओं का व्यवस्था पर भरोसा कायम रह सके।

- गड्ढों में डूबा बिलाईगढ़! गौरव पथ बना जानलेवा, रोज गिर रहे बाइक सवार… - September 14, 2026
- सारंगढ़:सपेरा बस्ती में शिक्षा और सुरक्षा की अलख, प्रियंका गोस्वामी ने 60 बच्चों को बांटी खुशियां… - September 14, 2026
- रेलवे लाइन का चोर निकला बाइक चोर! घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, दो वारदातों का खुलासा… - September 14, 2026
