सारंगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में सारंगढ़ पुलिस लगातार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने चाकूबाजी की गंभीर घटना में महज कुछ घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस की तत्परता और कार्यकुशलता का परिचय दिया। इस सफल कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय तथा एसडीओपी स्नेहिल साहू के स्पष्ट निर्देश पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली प्रमोद यादव के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
मामले के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 347/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। प्रार्थी शंकर अजय, निवासी गोढ़ियारी, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 जुलाई 2026 की रात करीब 11:50 बजे मोनू तिवारी एवं उसके साथी ने “तुम मेरे बड़े भाई को खिला-पिला कर बिगाड़ रहे हो” कहकर गाली-गलौज की तथा हाथ-मुक्कों और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया।
रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने पुलिस टीम को सक्रिय किया। मुखबिर सूचना एवं त्वरित पतासाजी के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी रोहित चौहान (20 वर्ष), निवासी दुर्गापाली, थाना सारंगढ़ को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक अंजान सिंह, आरक्षक विमल जांगड़े, मिनिकेतन पटेल, पुरुषोत्तम राठौर, योगेश सहित थाना सिटी कोतवाली के समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि एसपी सुनील शर्मा के नेतृत्व में सारंगढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

- एसपी सुनील शर्मा की अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति सफल, थाना प्रभारी प्रमोद यादव की टीम ने चार माह पुराने लूटकांड के आरोपी को दबोचा… - July 21, 2026
- विश्वकर्मा योजना के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, एसपी सुनील शर्मा की सख्ती और टीआई प्रमोद यादव की तत्परता से बड़ी सफलता… - July 21, 2026
- सारंगढ़:नई प्रशासनिक टीम एक्शन मोड में, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दिए सख्त निर्देश… - July 21, 2026




