रायगढ़, 14 सितंबर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 43 लीटर हाथ भट्ठी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब बनाने के लिए रखा करीब 100 बोरी महुआ भी गवाहों की मौजूदगी में नष्ट कराया गया।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम अवैध शराब की पतासाजी और माइनर एक्ट की कार्रवाई के लिए राजपुर, कोड़ासिया, बेसराबहार, घटगांव, भालूकोना, रूपडेगा और खम्हार क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में पुटूपारा राजपुर के साप्ताहिक बाजार जाने वाले कच्चे मार्ग पर पुलिस ने कोड़ासिया की ओर से थैला लेकर पैदल आ रहे मनोज तिग्गा (40) निवासी भालूकोना, रूपडेगा को पकड़ा। उसके कब्जे से 20 लीटर क्षमता वाली जरीकेन में 20 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपये बताई गई है।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने फिटिंगपारा चौक के पास फिलिंदर लकड़ा (24) निवासी इमलीपारा रूपडेगा को पकड़ा। आरोपी राजपुर साप्ताहिक बाजार में शराब बेचने के लिए जा रहा था। उसके कब्जे से 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1 हजार रुपये है।
तीसरी कार्रवाई राजपुर साप्ताहिक बाजार में हुई, जहां पुलिस ने शराब बेचने पहुंची वंदना पैंकरा (39) निवासी राजपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास प्लास्टिक बोरी में रखी जरीकेन से 10 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,500 रुपये बताई गई।
वहीं चौथी कार्रवाई में 13 सितंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरिहर साय टोप्पो (59) निवासी रूपडेगा, भालूकोना को पकड़ा। उसके कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 300 रुपये है। चारों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने पूछताछ और जांच के दौरान अवैध शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 100 बोरी महुआ भी बरामद किया, जिसे गवाहों की मौजूदगी में मौके पर नष्ट कराया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब का निर्माण, परिवहन और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर सिंह एवं प्रेमसाय भगत, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद राठिया एवं जयशरण चंद्रा, आरक्षक राजू तिग्गा एवं प्रदीप कुर्रे तथा महिला आरक्षक पूनम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
- ऑपरेशन आघात का बड़ा वार! 43 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार… - September 14, 2026
