सारंगढ़। शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा की प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी ने ग्राम भीखमपुरा स्थित सपेरा बस्ती पहुंचकर सामाजिक जागरूकता अभियान चलाया। राज्य स्तर पर दो बार सम्मानित प्रियंका गोस्वामी ने बस्ती के बच्चों और अभिभावकों से सीधे संवाद कर शिक्षा, पोषण, स्वच्छता, बाल विवाह, बाल श्रम सहित बच्चों के अधिकारों और सुरक्षित भविष्य को लेकर जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित बचपन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना उसका मौलिक अधिकार है। समाज के अंतिम छोर तक शिक्षा और जागरूकता पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान करीब 60 बच्चों को केला, बिस्किट और पहाड़ा किताब निःशुल्क वितरित की गई।
स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को हाथ धोने के छह तरीके बताए गए। नियमित स्नान, दांतों की सफाई और आसपास स्वच्छ वातावरण रखने के महत्व को समझाते हुए बच्चों को टूथ ब्रश, टूथपेस्ट और डेटॉल साबुन भी वितरित किया गया। बच्चों के बीच सामूहिक जन्मदिन मनाकर केक काटा गया, जिससे बस्ती के बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
अभियान के दौरान किशोरियों और बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई तथा सैनिटरी पैड वितरित किए गए। बच्चों को सरल और रोचक तरीके से गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए समझाया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार या असहज स्थिति की जानकारी तत्काल अपने अभिभावक, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को देनी चाहिए।
प्रियंका गोस्वामी ने बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम और नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और लोककला के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
इस पहल से बस्ती के बच्चों में शिक्षा, स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी की इस संवेदनशील एवं सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

- गड्ढों में डूबा बिलाईगढ़! गौरव पथ बना जानलेवा, रोज गिर रहे बाइक सवार… - September 14, 2026
- सारंगढ़:सपेरा बस्ती में शिक्षा और सुरक्षा की अलख, प्रियंका गोस्वामी ने 60 बच्चों को बांटी खुशियां… - September 14, 2026
- रेलवे लाइन का चोर निकला बाइक चोर! घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, दो वारदातों का खुलासा… - September 14, 2026
