सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बिलाईगढ़ क्षेत्र में गोवंश की हत्या कर उसके मांस की बिक्री किए जाने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बिलाईगढ़ के दुहानी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे एक गाय वंश की हत्या कर उसका मांस बेचने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर गोवंश के अवशेष मिलने की बात सामने आई, जिनकी तस्वीर भी खींचकर रखी गई। बताया गया कि घटनास्थल पर बचे अवशेषों से प्रथम दृष्टया गोवंश की हत्या किए जाने की आशंका जताई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिकायत के आधार पर जांच प्रक्रिया शुरू की गई। आवेदन की जांच के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 173(3) के प्रावधानों के तहत विधिवत अनुमति प्राप्त की गई। इसके बाद गोवंश के अवशेषों का पोस्टमार्टम पशु चिकित्साधिकारी से कराया गया तथा रिपोर्ट प्राप्त की गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गाय की चमड़ी, बॉडी पार्ट्स सहित कुछ अहम बिंदुओं का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में शव के होने तथा मृत्यु के स्पष्ट कारण के संबंध में निश्चित अभिमत नहीं दिया गया है। वहीं मृत्यु का समय पोस्टमार्टम किए जाने से लगभग 40 से 44 घंटे पूर्व का होना बताया गया है। शिकायत की जांच में अज्ञात आरोपी द्वारा गाय को वध कर उसका मांस, चमड़ी तथा बॉडी पार्ट्स ले जाने की बात सामने आने का उल्लेख है।
पुलिस ने उपलब्ध तथ्यों और जांच के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान करने तथा गोवंश की हत्या और मांस की बिक्री से जुड़े पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में गोवंश की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
