बिलाईगढ़। नगर पंचायत बिलाईगढ़ की बदहाल सड़कों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नगर की सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें भरा पानी हादसों को न्योता दे रहा है। खासकर निर्माणाधीन गौरव पथ की स्थिति बेहद खराब है। सड़क पर पानी इस कदर जमा है कि कई जगह यह समझना मुश्किल हो रहा है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां। बाइक सवार इन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जबकि बड़े वाहन भी फंसने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है।
शासकीय प्राथमिक शाला बंगलाभाटा के आसपास तथा बसना रोड की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां सड़क के गड्ढे बारिश के पानी से भर जाने के कारण वाहन चालकों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण नगर की मूलभूत सुविधाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं और ‘मोर सुंघर बिलाईगढ़’ की तस्वीर भी इन बदहाल सड़कों के बीच फीकी नजर आ रही है।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक पूर्व में सीएमओ सुशील चौधरी के कार्यकाल में सड़क के गड्ढों को तत्काल मटेरियल, बोल्डर और राबिश डालकर समतल कराया जाता था, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिलती थी। उनके स्थानांतरण के बाद सड़क मरम्मत को लेकर अपेक्षित सक्रियता नजर नहीं आ रही है। नवपदस्थ प्रभारी सीएमओ को करीब डेढ़ माह का समय बीत जाने के बावजूद कई स्थानों पर गड्ढों में बोल्डर-मसाला अथवा अन्य मटेरियल डालकर समतलीकरण नहीं कराया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर की मूलभूत समस्याओं को नजरअंदाज किए जाने से स्थिति लगातार बिगड़ रही है। लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि गौरव पथ, बंगलाभाटा और बसना रोड सहित प्रमुख सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरा जाए तथा जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगे और आम लोगों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुगम हो सके।

- गड्ढों में डूबा बिलाईगढ़! गौरव पथ बना जानलेवा, रोज गिर रहे बाइक सवार… - September 14, 2026
- सारंगढ़:सपेरा बस्ती में शिक्षा और सुरक्षा की अलख, प्रियंका गोस्वामी ने 60 बच्चों को बांटी खुशियां… - September 14, 2026
- रेलवे लाइन का चोर निकला बाइक चोर! घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, दो वारदातों का खुलासा… - September 14, 2026
