रायगढ़, 14 सितंबर। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत भूपदेवपुर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में थाना भूपदेवपुर पुलिस टीम ने ग्राम नहरपाली स्थित JSW पावर प्लांट पहुंचकर प्लांटकर्मियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने कर्मचारियों को प्रदेश में संचालित साइबर जागृति अभियान की जानकारी देते हुए डिजिटल लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की। इस दौरान कर्मचारियों को QR कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अन्य लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा अनजान लिंक, संदिग्ध QR कोड और APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने कर्मचारियों को KYC अपडेट, बैंक खाता बंद होने, बिजली बिल, पुलिस कार्रवाई, इनाम, फर्जी कस्टमर केयर, ऑनलाइन खरीद-बिक्री और पेमेंट रिक्वेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से भी सावधान किया। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट, संदिग्ध वीडियो कॉल और लिंक स्वीकार नहीं करने की अपील की गई।
पुलिस ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश, फर्जी लोन और नौकरी के झांसे में होने वाली ठगी से सतर्क रहने की समझाइश दी। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता और सतर्कता है। लोग स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कौशिक के नेतृत्व में अभियान जारी
थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर प्रतिदिन आम नागरिकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न वर्गों के लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य साइबर ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर उन्हें ठगी का शिकार होने से बचाना है।
रायगढ़ पुलिस का “साइबर जागृति अभियान” 2 अक्टूबर 2026 तक लगातार जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।


- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
- ऑपरेशन आघात का बड़ा वार! 43 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार… - September 14, 2026
