सारंगढ़। नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने के लिए लगातार फील्ड दौरे और समीक्षा बैठकों का सिलसिला तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार को जनपद पंचायत सारंगढ़ में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की सभी प्रमुख हितग्राहीमूलक एवं विकास योजनाओं की मैराथन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), एनआरएलएम (बिहान), प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। सीईओ श्री तिवारी ने अधिकारियों, सरपंचों और पंचायत सचिवों से योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण एवं विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके।

बैगिनडीह में झाराशिल्प को मिलेगा नया मंच
समीक्षा बैठक के बाद जिला पंचायत सीईओ ग्राम पंचायत बैगिनडीह पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध झाराशिल्प (बेल मेटल आर्ट) से जुड़े शिल्पकारों से मुलाकात की। शिल्पकारों की उत्कृष्ट कला और पारंपरिक हस्तशिल्प की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस कला को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिल्पकारों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने तथा इस पारंपरिक कला के विस्तार के लिए आरईएस विभाग एक विस्तृत संरचनात्मक प्रस्ताव तैयार करे, जिससे इस शिल्प को बड़े स्तर पर विकसित किया जा सके।
गढ़ कलेवा और सी-मार्ट का किया औचक निरीक्षण
दौरे के अगले चरण में सीईओ श्री तिवारी ने गढ़ चौक स्थित गढ़ कलेवा और सारबीला सी-मार्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय व्यंजन एवं उत्पादों की गुणवत्ता, उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था का जायजा लिया तथा संचालन को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधार संबंधी सुझाव दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के डीईओ संजू पटेल, जनपद पंचायत सारंगढ़ के सीईओ राधेश्याम नायक, एपीओ शशिकांत गुप्ता, पीओ युवराज पटेल सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जा सके।

- सारंगढ़:सुरक्षा को नई ताकत,एसपी सुनील शर्मा ने पुलिस बेड़े में शामिल किए 11 नए वाहन… - July 18, 2026
- सारंगढ़:ग्रामीण विकास पर सख्त तेवर, जिपं सीईओ ऋषिकेश तिवारी की मैराथन समीक्षा, लापरवाही पर चेतावनी… - July 18, 2026
- सारंगढ़:सास-बहू सम्मेलन से गूंजे आंगनबाड़ी केंद्र, स्वस्थ मां-शिशु का दिया संदेश… - July 18, 2026




