सारंगढ़-बिलाईगढ़। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जिले के लिए 8 मोटरसाइकिल, 1 बस, 1 मिनी बस और 1 जेल वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को जिला पुलिस कार्यालय परिसर में पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर इन नए वाहनों को पुलिस बेड़े में शामिल किया।
एसपी श्री सुनील शर्मा ने पदभार संभालने के बाद पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, त्वरित और जनहितैषी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए हैं। इसी कड़ी में मिले इन आधुनिक वाहनों से अब जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी। नए संसाधनों के जरिए पुलिस बल को किसी भी आपात स्थिति, वीआईपी ड्यूटी, अपराध नियंत्रण या विशेष अभियान के दौरान बेहद कम समय में एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाया जा सकेगा।
पुलिस विभाग के अनुसार नई बस एवं मिनी बस का उपयोग आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस बल की त्वरित तैनाती, भारी मात्रा में बैरिकेड्स, राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों को दुर्घटना स्थल, प्रदर्शन स्थल अथवा संवेदनशील क्षेत्रों तक शीघ्र पहुंचाने में किया जाएगा। वहीं जेल वाहन से बंदियों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
इसके अलावा पुलिस बेड़े में शामिल 8 नई मोटरसाइकिलों से शहर के साथ-साथ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में गश्त व्यवस्था को नई गति मिलेगी। चौक-चौराहों, बाजारों तथा संवेदनशील इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ेगी, जिससे अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी हो सकेगी।
पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए इन आधुनिक संसाधनों से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पुलिस की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और जनता को तेज, प्रभावी एवं बेहतर पुलिस सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडे, डीएसपी (मुख्यालय) श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक श्री जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिला पुलिस कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




- सारंगढ़:ई-चालान के नाम पर बड़ा साइबर खेल! एक क्लिक में खाली हो सकता है बैंक खाता… - September 14, 2026
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
