सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री माताओं, उनकी सास तथा परिवार के अन्य सदस्यों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित पोषण, समय पर टीकाकरण, शीघ्र एवं अनन्य स्तनपान, स्वच्छता तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
सम्मेलन के दौरान सास और बहुओं के बीच सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। परिवार में आपसी समन्वय, प्रेम और सहयोग की भावना विकसित करने के साथ ही रिश्तों में मनमुटाव को पीछे छोड़ परिवार के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए काउंसिलिंग भी की जा रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल, एनीमिया से बचाव, संस्थागत प्रसव, नवजात शिशु की समुचित देखभाल तथा बच्चे के जीवन के प्रथम 1000 दिनों के महत्व की विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, समय पर टीकाकरण और कुपोषण की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से परिवारों को स्वस्थ मां, स्वस्थ शिशु और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। महिलाओं को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देकर उनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए हैं कि जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि प्रत्येक गर्भवती एवं धात्री माता तक स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण संबंधी जानकारी और शासन की योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंच सके।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार जिलेभर में आयोजित हो रहे सास-बहू सम्मेलन को आमजन का उत्साहपूर्ण सहयोग और सकारात्मक सहभागिता मिल रही है। विभाग का मानना है कि इस पहल से परिवारों में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

- सारंगढ़:सुरक्षा को नई ताकत,एसपी सुनील शर्मा ने पुलिस बेड़े में शामिल किए 11 नए वाहन… - July 18, 2026
- सारंगढ़:ग्रामीण विकास पर सख्त तेवर, जिपं सीईओ ऋषिकेश तिवारी की मैराथन समीक्षा, लापरवाही पर चेतावनी… - July 18, 2026
- सारंगढ़:सास-बहू सम्मेलन से गूंजे आंगनबाड़ी केंद्र, स्वस्थ मां-शिशु का दिया संदेश… - July 18, 2026




