रायगढ़, 18 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जूटमिल पुलिस ने नाबालिग बालिका को दो बार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले में अपहरण के दोनों प्रकरणों के साथ पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को जूटमिल थाना में 15 वर्षीय बालिका के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बालिका अनुज स्वर्णकार (18 वर्ष) के घर पर है। इस पर 11 जुलाई को पुलिस ने दबिश देकर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
बालिका के बयान, मेडिकल रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में बीएनएस की धारा 65(1)(ड) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 भी जोड़ी गई। बालिका की काउंसलिंग बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के माध्यम से कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इसी बीच 13 जुलाई को बालिका एक बार फिर लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर जूटमिल थाना में दूसरा मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। लगातार पतासाजी के दौरान 15 जुलाई को पुलिस ने केवड़ाबाड़ी स्थित निकले महादेव मंदिर के पास से आरोपी अनुज स्वर्णकार के साथ बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह आरोपी के साथ ट्रेन से बिलासपुर गई थी, जहां दोनों एक दिन रेलवे स्टेशन पर रुके और अगले दिन वापस रायगढ़ लौट आए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को फिर से परिजनों के सुपुर्द किया गया, जबकि आरोपी अनुज स्वर्णकार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक समुंद रनकर, प्रधान आरक्षक अनूप कुजूर, आरक्षक परमानंद पटेल, शिवा प्रधान एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिग बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें, उन्हें सुरक्षित ऑनलाइन एवं ऑफलाइन व्यवहार के प्रति जागरूक करें तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या गुमशुदगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

- सारंगढ़:बरसात में एक्शन मोड में कलेक्टर, शहर की सड़कों, तालाबों और विकास कार्यों का किया निरीक्षण… - July 18, 2026
- रायगढ़:क्विज़ प्रतियोगिता में चमके नन्हे प्रतिभागी, एसडीओपी ने बढ़ाया उत्साह… - July 18, 2026
- रायगढ़:दो बार नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल… - July 18, 2026




