सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सलिहा थाना क्षेत्र के धनसीर गांव में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक ही दिन में दो घरों को निशाना बनाया। दिनदहाड़े हुई इन वारदातों में चोरों ने दोनों घरों के ताले तोड़कर करीब 3.66 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हुई दो चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पहली घटना धनसीर गांव निवासी एक किसान के घर की है। बताया गया कि परिवार के सदस्य खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में सोने का मंगलसूत्र, झुमका, लॉकेट सहित अन्य आभूषण और करीब 5 हजार रुपये नकद शामिल हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 1.85 लाख रुपये बताई गई है।
दूसरी वारदात भी इसी गांव में प्रधानाध्यापक के घर हुई। परिवार के सदस्य किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे जेवरात व नकदी चोरी कर ली। बताया गया कि चोरी गए सामान में करीब 1.19 लाख रुपये के सोने के आभूषण, चांदी की पायल व अन्य सामान तथा 5 हजार रुपये नकद शामिल हैं। इस मामले में कुल चोरी की कीमत करीब 1.81 लाख रुपये बताई गई है।
दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी है। एक ही दिन में दो घरों में चोरी से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस के सामने दोनों वारदातों का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने की चुनौती है।

- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
