सारंगढ़-बिलाईगढ़। यदि आपके गांव में बिजली, पानी, सड़क, नाली, भवन या अन्य आधारभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, तो अब आपकी आवाज सीधे ग्रामसभा में सुनी जाएगी। ग्रामीण अपनी जरूरतों और विकास संबंधी मांगों को ग्रामसभा के माध्यम से रख सकेंगे, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर ग्राम पंचायत की विकास कार्य सूची में शामिल किया जाएगा।
इसी उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 20 जुलाई 2026 को विशेष ग्रामसभा आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए पत्र भी जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के प्रावधानों के तहत आयोजित इस विशेष ग्रामसभा में वीबीजी-राम जी (VBG-RAM JI) योजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की पूर्व निर्धारित प्राथमिकता सूची का पुनः परीक्षण किया जाएगा। ग्रामीणों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर नई प्राथमिकता सूची तैयार कर उसे ग्रामसभा से अनुमोदित कराया जाएगा।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तैयार करने और उसे ग्रामसभा से स्वीकृत कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। इसके अलावा ग्राम विकास, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथि पर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा का आयोजन अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही ग्रामसभा की वीडियो रिकॉर्डिंग, फोटोग्राफ तथा संकलित प्रतिवेदन जिला पंचायत कार्यालय को भेजना भी सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों को भी ग्रामसभाओं में उपस्थित रहकर विभागीय योजनाओं की जानकारी देने, ग्रामीणों की समस्याएं सुनने तथा आवश्यक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं। इससे ग्रामीणों की सहभागिता बढ़ेगी और गांवों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल सकेगी।


- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
