रायगढ़, 06 सितंबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस ने CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में पांच और आरोपियों की पहचान स्थापित कर उन्हें गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध पुलिस बल पर प्राणघातक हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा तथा एट्रोसिटी सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक, गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा लगातार आंदोलनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था का पालन करने की अपील की जा रही थी।
27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक उग्र हो गया। पुलिस के मुताबिक, राजेश मरकाम, अनिल बेहरा सहित अन्य लोगों ने आंदोलनकारियों को उकसाया, जिसके बाद भीड़ ने पुलिस बल पर लाठी-डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इस दौरान शासकीय वॉकी-टॉकी और मोबाइल फोन भी लूट लिए गए।
उग्र भीड़ ने पुलिस दल को घेरकर पथराव किया। सड़क किनारे खड़े पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी की गई। प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ किए जाने से क्षेत्र की कानून व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई थी।
घटना के संबंध में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 307/2025 एवं 308/2025 दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान घटनास्थल पर जले वाहनों का नुकसानी पंचनामा तैयार किया गया तथा CCTV फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए गए। मामले में 14 जुलाई 2026 को एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5)(क) का विस्तार किया गया।
इस प्रकरण में राजेश मरकाम को 1 जुलाई, अनिल बेहरा को 10 अगस्त तथा शिवशंकर प्रधान उर्फ शंकर गुप्ता को 2 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
विवेचना के दौरान कमलेश सेठ, अम्बिका चौधरी, सुनाउ सिदार, तपस्विनी प्रधान और भगवति सिदार की घटना में संलिप्तता की पुष्टि होने पर उन्हें अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में शामिल होना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पांचों को 05 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश सेठ (26), निवासी बिजना; अम्बिका चौधरी (55), निवासी आमगांव; सुनाउ सिदार (62), निवासी लिबरा; तपस्विनी प्रधान (35), निवासी झरना तथा भगवति सिदार (47), निवासी धौराभाठा, थाना तमनार क्षेत्र शामिल हैं।
पूरी कार्रवाई में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए “ऑपरेशन क्लीन हंट” लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी एवं निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है।

- परसकोल में खूनी रफ्तार का तांडव..अनियंत्रित कार मैकेनिक की दुकान में घुसी…परिवार का एकमात्र कमाने वाला चिराग बुझा..रायगढ़ ले जाते समय श्याम कुमार पटेल ने तोड़ा दम.. - September 6, 2026
- रायगढ़:CHP चौक हिंसा में पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 और आरोपी गिरफ्तार… - September 6, 2026
- रायगढ़:हॉर्न बजाने से शुरू हुआ विवाद, जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी तक पहुंचा मामला; फरार आरोपी गिरफ्तार… - September 6, 2026
