रायगढ़, 6 सितंबर। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी 2026 को 32 वर्षीय स्थानीय युवक ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 फरवरी की रात करीब 8:30 से 9 बजे वह पिकअप वाहन से घरघोड़ा से जामपाली लेबर छोड़ने जा रहा था। कंचनपुर के पास उसके पीछे चल रहे मोनू खान द्वारा लगातार कार का हॉर्न बजाया जा रहा था। सड़क सकरी होने के कारण तत्काल रास्ता नहीं मिलने पर आरोपी ने अपनी कार पिकअप वाहन के सामने अड़ाकर उसे रोक दिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को वाहन से नीचे खींच लिया और जातिसूचक एवं अश्लील गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्का एवं थप्पड़ से मारपीट की। विरोध करने पर आरोपी ने दोबारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आहत द्वारा जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जाने तथा जांच में लगाए गए आरोपों के प्रथमदृष्टया पाए जाने पर प्रकरण में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की संबंधित धाराओं का विस्तार किया गया।
मामले की विवेचना एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी द्वारा की जा रही थी। उनके निर्देशन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की लगातार पतासाजी और निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान 4 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान, पिता मोह. कासिम खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, साईं राम कॉलोनी, घरघोड़ा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत जिले में लंबित मामलों के फरार आरोपियों एवं वारंटियों की लगातार पतासाजी कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


- परसकोल में खूनी रफ्तार का तांडव..अनियंत्रित कार मैकेनिक की दुकान में घुसी…परिवार का एकमात्र कमाने वाला चिराग बुझा..रायगढ़ ले जाते समय श्याम कुमार पटेल ने तोड़ा दम.. - September 6, 2026
- रायगढ़:CHP चौक हिंसा में पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 और आरोपी गिरफ्तार… - September 6, 2026
- रायगढ़:हॉर्न बजाने से शुरू हुआ विवाद, जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी तक पहुंचा मामला; फरार आरोपी गिरफ्तार… - September 6, 2026
