रायगढ़। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में करीब दो माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी रूपधर राठिया (47 वर्ष), निवासी ग्राम चिमटापानी को 4 सितंबर को उसके गांव से पकड़ा। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

घर के बंटवारे को लेकर बड़े भाई से हुआ था विवाद
मामले में आहत महेत राम राठिया (50 वर्ष) ने 4 जुलाई को घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक तीन भाइयों के बीच मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रूपधर राठिया मकान को अपना बताते हुए परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलने की धमकी देता था।
22 जून की शाम महेत राम अपने पिता गाडाराय राठिया और छोटे भाई रूपधर के साथ घर की परछी में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान घर से निकलने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि रूपधर ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के टांगा से बड़े भाई पर हमला कर दिया।
हमले में महेत राम के सिर, सिर के पीछे और बायीं आंख के पास गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायल को डायल-112 की मदद से घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।
मेडिकल रिपोर्ट के बाद जोड़ी गई हत्या के प्रयास की धारा
पुलिस ने अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में धारा 109(2) बीएनएस जोड़ी गई। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था।
गांव लौटते ही पुलिस ने दबोचा
एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के निर्देश पर थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव ने आरोपी की तलाश के लिए उसके गांव में मुखबिर तैनात कर रखा था। 4 सितंबर को आरोपी के चिमटापानी लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि घटना के बाद वह कमाने-खाने के लिए बाहर चला गया था। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा (आलाजरब) बरामद कर जब्त किया।
इस कार्रवाई में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सिद्दांत तिवारी के सतत सुपरविजन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो और आरक्षक प्रदीप तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- दो माह से फरार हत्या प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल टांगा बरामद… - September 5, 2026
- भौंकता रहा कुत्ता और पति का गला दबाती रही खूंखार बीवी, औरत का सबसे खौंफनाक रुप कैमरे में कैद… - September 5, 2026
- अरहर-मूंग तो रोज खाते हैं, आज बनाएं प्रोटीन का खजाना कही जाने वाली ‘पंचकुटी दाल’, नोट करें रेसिपी… - September 5, 2026
