सारंगढ़। जिला पंचायत के नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ऋषिकेश तिवारी से जनपद पंचायत सारंगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह ने जनपद के सभापतियों एवं सदस्यों के साथ सौजन्य भेंट कर क्षेत्र के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जनपद अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंटकर नवागत जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने सारंगढ़ जनपद क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जिला पंचायत के मार्गदर्शन और सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में जिला पंचायत का पूरा सहयोग मिलेगा, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि जनपद क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी और सभी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीर चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनअपेक्षाओं को सामने रखते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
इस दौरान जनपद सभापति कोमल शशी पटेल, रोहित महिलाने, सतीश अजय, अशोक पटेल, राजकमल अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि अरुण मालाकार सहित अनेक जनपद सदस्य उपस्थित रहे। बैठक को क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक पहल माना जा रहा है।



