सारंगढ़। जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को पूर्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) इंद्रजीत बर्मन की भावभीनी विदाई एवं नवपदस्थ सीईओ ऋषिकेश तिवारी के स्वागत-अभिनंदन समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत के सभापति, सदस्य, सचिवगण, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्री बर्मन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी तथा श्री तिवारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक व्यवस्था का सामान्य हिस्सा है, लेकिन अपने कार्य और व्यवहार से लोगों के दिलों में जगह बनाना हर किसी के बस की बात नहीं होती। उन्होंने कहा कि इंद्रजीत बर्मन का कार्यकाल समन्वय, पारदर्शिता और सौहार्दपूर्ण वातावरण के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बना रहा तथा जिले में किसी प्रकार की विवादास्पद स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सारंगढ़ जिले के प्रथम मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में श्री बर्मन का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और विश्वास है कि वे नई जिम्मेदारी में भी उत्कृष्ट कार्य करेंगे।
समारोह में नवागत सीईओ ऋषिकेश तिवारी का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्री तिवारी पूर्व में सारंगढ़ जनपद में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जिससे उन्हें क्षेत्र की भौगोलिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों का व्यापक अनुभव है। उनके अनुभव का लाभ जिले के विकास कार्यों को गति देने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मिलेगा।
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विश्वास जताया कि नए सीईओ के नेतृत्व में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा गांवों के विकास, जनहित के कार्यों और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में शुभकामनाओं और सम्मान के साथ संपन्न हुआ।



