रायगढ़, 8 जुलाई। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शहीद चौक स्थित एक मकान पर छापेमार कार्रवाई कर अवैध सट्टा-पट्टी लिख रही महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, सट्टा लेखा-जोखा और नगद राशि जब्त कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहीद चौक निवासी अनिता साहू अपने घर से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अवैध सट्टा कारोबार संचालित कर रही है। सूचना के आधार पर साइबर थाना एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मकान में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान महिला घर में ही सट्टा-पट्टी लिखते हुए मिली। पूछताछ में उसने सट्टा संचालन की बात स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से ग्रे रंग का रियलमी मोबाइल बरामद किया, जिसकी गैलरी में राजधानी कल्याण के विभिन्न सट्टा अंकों की तस्वीरें, सट्टा-पट्टी का रिकॉर्ड और हिसाब-किताब सुरक्षित मिला। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी नकद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से सट्टे की रकम लेकर अवैध कारोबार संचालित कर रही थी।
पुलिस ने मौके से 480 रुपये नगद, मोबाइल फोन तथा सट्टा से संबंधित दस्तावेजों को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपिया अनिता साहू (32 वर्ष), पति बजरंग साहू, निवासी शहीद चौक, रायगढ़ के विरुद्ध थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत जिले में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों पर आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

- सारंगढ़:6 लाख की मदद से नन्हीं बच्ची को मिली सुनने की नई उम्मीद, चिरायु टीम की बड़ी सफलता… - July 8, 2026
- सारंगढ़:सुशासन तिहार का बड़ा असर,423 परिवारों को मिलेगा शौचालय, 50.76 लाख की स्वीकृति जारी… - July 8, 2026
- सारंगढ़:22 बेटियों को मिली उड़ान: सरस्वती साइकिल योजना से शिक्षा की राह हुई आसान… - July 8, 2026


